नई दिल्ली | नेशनल एलिजिबिलिटी कम एंट्रेंस टेस्ट (NEET-UG) 2026 पेपर लीक विवाद पर सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को सख्त टिप्पणी करते हुए कहा कि इस तरह की घटनाएं छात्रों और उनके परिवारों के लिए बेहद आघात पहुंचाने वाली हैं। अदालत ने परीक्षा व्यवस्था में जवाबदेही तय करने की जरूरत पर बल दिया।
जस्टिस पी.एस. नरसिम्हा और जस्टिस अलोक अराधे की बेंच ने कहा, “अगर ऐसी घटना होती है तो यह सिर्फ छात्रों के लिए नहीं, बल्कि उनके परिवारों और सबके लिए बहुत traumatic है। उन्होंने इतना भावनात्मक निवेश किया होता है। हमें अपने युवाओं को निराश नहीं करना चाहिए।”
कोर्ट NEET-UG पेपर लीक से संबंधित याचिकाओं पर सुनवाई कर रहा था, जिसमें नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) को बदलने या उसकी संरचना बदलने की मांग भी शामिल है।
केंद्र सरकार का बयान
सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने केंद्र सरकार की ओर से अदालत को बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पूरे मामले की व्यक्तिगत रूप से निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार छात्रों की चिंताओं को बहुत गंभीरता से ले रही है और 21 जून को प्रस्तावित री-एग्जाम के लिए नए सुरक्षा उपाय लागू किए गए हैं।
मेहता ने कहा, “प्रधानमंत्री सुनिश्चित कर रहे हैं कि कहीं कोई कमी न रह जाए।”
कोर्ट की सख्त टिप्पणी
सुप्रीम कोर्ट की बेंच ने सरकार से साफ कहा कि “वास्तविक समस्या तब तक नहीं रुकेगी जब तक असली जवाबदेही तय नहीं होती।” अदालत ने परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता पर गंभीर चिंता जताई और कहा कि ऐसे मामले युवाओं के भविष्य को प्रभावित करते हैं।
NTA पर सवाल
याचिकाकर्ताओं ने NTA की जगह एक ज्यादा स्वायत्त और मजबूत संस्था बनाने की मांग की है। इस पर केंद्र ने कोर्ट को बताया कि पेपर लीक के बाद NTA ने सुरक्षा व्यवस्था में बड़े सुधार किए हैं।
पृष्ठभूमि
इस साल NEET-UG परीक्षा में पेपर लीक की घटना सामने आने के बाद पूरे देश में छात्रों और अभिभावकों में भारी आक्रोश फैला। कई जगहों पर विरोध प्रदर्शन हुए और अंततः विवादित परीक्षा रद्द कर नई तारीख घोषित की गई।
राष्ट्रीय छात्र संघ (NSUI) समेत कई छात्र संगठनों ने भी इस मुद्दे पर प्रदर्शन किए हैं।
शिक्षा क्षेत्र पर असर
शिक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि NEET जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं में बार-बार होने वाली गड़बड़ियां न सिर्फ छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य को प्रभावित कर रही हैं, बल्कि चिकित्सा शिक्षा की गुणवत्ता और परीक्षा प्रणाली पर सवाल खड़े कर रही हैं।
Education Desk अदर्श कुमार राय RI News
Published on: शुक्रवार, 29 मई 2026 | समय: 04:50 PM IST



